भाजपा ने जारी किया घोषणापत्र, 'म्हारे सपनों का हरियाणा' में गरीब, किसान और युवा पर फोकस

 


भाजपा ने जारी किया घोषणापत्र, 'म्हारे सपनों का हरियाणा' में गरीब, किसान और युवा पर फोकस



हरियाणा की सत्ता पर दोबारा काबिज होने के लिए भाजपा ने जनता के साथ लोकलुभावन वादों से परहेज किया है। सत्तारूढ़ दल, कांग्रेस और इनेलो की राह पर बिल्कुल नहीं चला। भाजपा ने 2019 विधानसभा चुनाव के लिए पेश किए संकल्प पत्र में वही वादे किए हैं, जिन्हें पूरा किया जा सके। रविवार को चंडीगढ़ में जारी किया गया संकल्प पत्र 15 प्रमुख एजेंडा पर आधारित है, जिसमें जनता के साथ 258 वादे किए गए हैं। भाजपा के पास 1.70 लाख सुझाव आए थे, जिनमें से यह संकल्प पत्र तैयार किया गया है। 258 वादों में हर वर्ग को छूने का प्रयास है।


 

युवा, किसान, उद्योग, खेल, स्वास्थ्य, दलितों व पर्यावरण पर विशेष ध्यान दिया गया है। तीन नए मंत्रालय युवा विकास व रोजगार मंत्रालय, अंत्योदय व मानव संपदा मंत्रालय के गठन की कल्पना की गई है। संकल्प पत्र को भाजपा के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष जेपी नड्डा, सीएम मनोहर लाल, भाजपा प्रदेशाध्यक्ष सुभाष बराला, मैनिफेस्टो कमेटी के चेयरमैन ओपी धनखड़, चुनाव प्रभारी नरेंद्र तोमर, राज्य प्रभारी डॉ. अनिल जैन, केंद्रीय राज्य मंत्री राव इंद्रजीत सिंह, रतन लाल कटारिया और स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज ने जारी किया।

इसमें शामिल वादों को पूरा करने पर 32 हजार करोड़ रुपये खर्च होंगे। कांग्रेस ने 11 अक्टूबर को जारी अपने घोषणा पत्र में 196 वादे किए हैं, अगर उन्हें पूरा करना हो तो 1 लाख बीस हजार करोड़ रुपये का प्रावधान करना होगा। भाजपा ने 2014 के विधानसभा चुनाव में जनता से 154 वादे किए थे। जिनमें से मात्र 10-11 ही पूरे नहीं हो पाए, इन्हें सिरे चढ़ाने में कानूनी और वित्तीय अड़चन आई।

भाजपा अगर दोबारा सत्ता में आई तो किसानों को तीन लाख रुपये तक का फसली कर्ज बिना ब्याज मिलेगा, सरकारी नौकरी के लिए कॉमन पात्रता परीक्षा होगी। स्मार्ट सिटी की तर्ज पर स्मार्ट गांव बनेंगे। 2022 तक किसानों की आय दोगुना की जाएगी। प्रदेश को नशा मुक्त किया जाएगा। सामाजिक सुरक्षा पेंशन 2 हजार से  बढ़ाकर तीन हजार रुपये की जाएगी।